ग्राम करचाडांड़ बुलंगा स्थित शासकीय प्राथमिक शाला परिसर में “वन महोत्सव – एक पेड़ माँ के नाम 2.0” अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रम का हुआ आयोजन
गतिमान एक्सप्रेस 24 न्यूज/गिरधर कुमार/रघुनाथपुर/बुलंगा:-
79वें स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय महापर्व के अवसर पर लुंड्रा विकासखंड के ग्राम करचाडांड़ बुलंगा स्थित शासकीय प्राथमिक शाला परिसर में “वन महोत्सव – एक पेड़ माँ के नाम 2.0” अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।







कार्यक्रम में वन विभाग लुंड्रा के रेंजर श्री नवोदिन वर्मा, प्रशिक्षु रेंजर धौरपुर श्री गजानंद सिदार,संजय तिर्की सर्किल प्रभारी सुमेरपुर सहित वन विभाग लुंड्रा के अधिकारियों-कर्मचारियों की उपस्थिति रही। मुख्य अतिथि के रूप में विधायक लुंड्रा श्री प्रबोध मिंज शामिल हुए, जबकि जनपद अध्यक्ष लुंड्रा के प्रतिनिधि अभिषेक पावले, भाजपा मंडल अध्यक्ष लुंड्रा श्री सतीश जायसवाल, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी (एबीईओ) श्री जयप्रकाश गुप्ता, उदारी सरपंच श्रीमती सीमा पैंकरा, बुलंगा सरपंच श्रीमती विनीता भगत सहित क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि तथा गणमान्य नागरिक व ग्रामीणजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा पौधारोपण कर की गई। इस अवसर पर विधायक श्री प्रबोध मिंज ने उपस्थित ग्रामीणों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि राष्ट्र की आजादी केवल जश्न मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि प्रकृति एवं पर्यावरण के प्रति अपने कर्तव्य को निभाने का भी संकल्प लेने का दिन है। उन्होंने वृक्षारोपण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अधिक से अधिक पेड़ों को लगाने एवं उनके संरक्षण के लिए सभी ग्रामवासियों को प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान वन विभाग के अमले द्वारा क्षेत्रीय बोली में हाथी जन-जागरूकता गीत प्रस्तुत कर ग्रामीणों को मानव-वन्यजीव संघर्ष की रोकथाम एवं हाथियों से सुरक्षित रहने के लिए जागरूक किया गया। ग्रामीणों ने इस जागरूकता गीत की सराहना करते हुए इसका भरपूर समर्थन किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों व ग्रामीणों ने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया और पौधों की देखरेख का भरोसा दिलाया।
Author: gatimanexpress24news
गिरधर कुमार(मुख्य संपादक) गतिमान एक्सप्रेस 24 न्यूज, नवभारत संवाददाता रघुनाथपुर सरगुजा, ब्यूरो चीफ सरगुजा:-सरगुजा संदेश मोबाइल नंबर:-6261256553 ई मेल-kumargirdhar8@gmail.com









