पारदर्शी धान खरीदी के लिए प्रशासन सख्त, संभागायुक्त ने दूरस्थ केंद्रों का किया निरीक्षण
गतिमान एक्सप्रेस 24 न्यूज/गिरधर कुमार/सरगुजा:-
धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता और किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संभागायुक्त सरगुजा श्री नरेंद्र दुग्गा ने आज संभाग के सुदूरवर्ती धान उपार्जन केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने खरीदी केंद्रों में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि धान खरीदी में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी अथवा अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
संभागायुक्त श्री दुग्गा ने बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर तहसील अंतर्गत आदिम जाति सेवा सहकारी समिति वाड्रफनगर एवं बसंतपुर तथा सूरजपुर जिले की बिहारपुर-चांदनी तहसील अंतर्गत धान उपार्जन केंद्र नवगई का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्रों में बारदाने की उपलब्धता, पेयजल, विद्युत व्यवस्था और ड्रेनेज सिस्टम सहित किसानों की सुविधा के लिए की गई तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद किसानों से सीधे संवाद कर उनके द्वारा लाए गए धान की जानकारी ली तथा खरीदी व्यवस्था के संबंध में उनका फीडबैक भी जाना। श्री दुग्गा ने धान के अवैध परिवहन को रोकने के लिए स्थापित बैरियर ग्राम चकोता में रुक कर पंजियो का अवलोकन किया. इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व वाड्रफनगर श्री तुलसीदास मरकाम सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे.
निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त ने समिति प्रबंधकों एवं कंप्यूटर ऑपरेटरों को सख्त हिदायत दी कि धान का उपार्जन पूरी पारदर्शिता के साथ केवल वास्तविक एवं पंजीकृत किसानों से ही किया जाए। उन्होंने दो टूक कहा कि कोचियों और बिचौलियों के माध्यम से धान खपाने की किसी भी कोशिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा। यदि किसी भी केंद्र में इस तरह की अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
संभागायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि धान खरीदी की प्रत्येक प्रक्रिया पर सतत निगरानी रखी जाए और शासन के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि धान खरीदी व्यवस्था का मूल उद्देश्य किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही, अनियमितता या बिचैलियों की भूमिका स्वीकार्य नहीं होगी।




Author: gatimanexpress24news
गिरधर कुमार(मुख्य संपादक) गतिमान एक्सप्रेस 24 न्यूज, नवभारत संवाददाता रघुनाथपुर सरगुजा, ब्यूरो चीफ सरगुजा:-सरगुजा संदेश मोबाइल नंबर:-6261256553 ई मेल-kumargirdhar8@gmail.com



