“जनजातीय गौरव सप्ताह” का सरगुजा में होगा भव्य आयोजन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

18 नवंबर को राजमोहनी देवी ऑडिटोरियम में सजेगी जनजातीय कला और संस्कृति की छटा, होंगे विविध कार्यक्रम

गतिमान एक्सप्रेस 24 न्यूज/गिरधर कुमार/सरगुजा:-

भारत सरकार और छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार सरगुजा जिले में 11 से 18 नवंबर तक जनजातीय गौरव सप्ताह उल्लासपूर्वक मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में आगामी 18 नवंबर 2026 को अम्बिकापुर स्थित स्थानीय राजमोहनी देवी ऑडिटोरियम हॉल में एक भव्य एक दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जिले की समृद्ध जनजातीय कला, संस्कृति और उनके गौरवशाली इतिहास की झलक देखने को मिलेगी।

सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग अम्बिकापुर डॉ ललित शुक्ला ने बताया कि जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु कार्यालय कलेक्टर (आदिवासी विकास) द्वारा विस्तृत रूपरेखा तैयार कर ली गई है। आयोजन के दौरान कई महत्वपूर्ण गतिविधियां कराई जाएंगी।

स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों व जनजातीय प्रमुखों का होगा सम्मान

कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण सम्मान समारोह होगा, जिसमें जनजातीय क्रांति के नायकों एवं जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही जिले के प्रमुख जनजाति एवं उप-जनजातियों के प्रमुखों का भी सम्मान किया जाएगा।

प्रदर्शनी, क्राफ्ट और व्यंजन मेले का होगा आयोजन

जनजातीय स्वाभिमान सम्मेलन के तहत ऑडिटोरियम में जनजातीय विकास प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसके अंतर्गत क्राफ्ट, कला, शिल्प, पारंपरिक व्यंजन और पुस्तक मेले के स्टॉल लगाए जाएंगे। आयोजन स्थल पर पारंपरिक वाद्य यंत्रों की विशेष प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रहेगी।

संगोष्ठी और प्रतियोगिताओं के जरिए दिखेगी प्रतिभा

युवाओं और आमजनों को जनजातीय संस्कृति से जोड़ने के लिए जनजातीय थीम और विभिन्न विषयों पर संगोष्ठी एवं सेमिनार का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा जनजातीय विषयों पर आधारित फोटोग्राफी और चित्रकला प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी, जिससे जनजातीय जनजीवन को करीब से समझने का अवसर मिलेगा।इस वृहद आयोजन का मुख्य उद्देश्य जनजातीय समाज के स्वाभिमान, उनके समृद्ध इतिहास और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान से आम जनमानस को परिचित कराना है।

gatimanexpress24news
Author: gatimanexpress24news

गिरधर कुमार(मुख्य संपादक) गतिमान एक्सप्रेस 24 न्यूज, नवभारत संवाददाता रघुनाथपुर सरगुजा, ब्यूरो चीफ सरगुजा:-सरगुजा संदेश मोबाइल नंबर:-6261256553 ई मेल-kumargirdhar8@gmail.com

और पढ़ें

error: Content is protected !!