जनजातीय समाज का गौरवशाली इतिहास और बलिदान देश के लिए सदैव प्रेरणास्रोत- सांसद श्री चिंतामणि महाराज
शहीद परिवार एवं समाज प्रमुखों का हुआ सम्मान,जनजातीय विकास प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र
लोक नृत्य प्रतियोगिताओं के विजेता कलाकार हुए पुरस्कृत
गतिमान एक्सप्रेस 24 न्यूज/गिरधर कुमार/सरगुजा:-
जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर बुधवार को अम्बिकापुर के राजमोहिनी देवी ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सरगुजा सांसद श्री चिंतामणि महाराज शामिल हुए।
सांसद श्री चिंतामणि महाराज ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस हमारे जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और वीरता को स्मरण करने का महत्वपूर्ण अवसर है। जनजातीय समाज ने देश की आजादी और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। सरगुजा के राजनीतिक, सामाजिक एवं आध्यात्मिक विकास में जनजातीय समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।भगवान बिरसा मुंडा, लरंग साय, गहिरा गुरु, माता राजमोहिनी देवी, वीर नारायण सिंह जैसे महापुरुष समाज के गौरव हैं। उन्होंने कहा जनजातीय समाज एकजुट रहें तथा महापुरुषों के आदर्शों पर चलकर अपनी संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित रखें ।
लुण्ड्रा विधायक श्री प्रबोध मिंज ने कहा जनजातीय समाज ने अपनी परंपराओं, संस्कृति और सामाजिक मूल्यों से क्षेत्र को विशिष्ट पहचान दी है। जनजातीय महापुरुषों के योगदान को स्मरण करते हुए हमें उनके आदर्शों को अपनाना चाहिए और समाज की उन्नति के साथ सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प लेना चाहिए। महापौर श्रीमती मंजूषा भगत ने आदिवासी समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं एवं विरासत के सांस्कृतिक महत्व के बारे में बताया तथा कहा कि इनके संरक्षण और संवर्धन की विशेष आवश्यकता है, हम सभी को मिलकर इस ओर कार्य करना होगा। कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने कहा कि देश की आजादी और संस्कृति के संरक्षण में आदिवासी समुदाय का अतुलनीय योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि आज का दिवस आदिवासी समाज के सामाजिक एवं आर्थिक विकास के लिए संचालित शासकीय योजनाओं की उपलब्धियों को याद करने तथा आदिवासी नायक-नायिकाओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है।
कार्यक्रम में लोक कलाकारों ने आकर्षक पारंपरिक लोक नृत्यों की प्रस्तुति देकर समारोह को सांस्कृतिक रंगों से सराबोर कर दिया। इस दौरान जनजातीय विकास प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रही, कार्यक्रम के दौरान जनजातीय समाज के शहीद परिवारों एवं समाज प्रमुखों का विशेष सम्मान किया गया। वहीं चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं एवं लोक नृत्य कलाकारों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री देव नारायण यादव, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती दिव्या सिंह सिसोदिया, जिला पंचायत सदस्य श्री विजय अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ सुश्री रोमा श्रीवास्तव, स्थानीय जनप्रतिनिधी, अधिकारी, जनजातीय समाज के प्रतिनिधी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
जनजातीय विकास प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र-
समारोह में जिला स्तरीय जनजातीय विकास प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें जनजातीय समाज की समृद्ध कला, संस्कृति और परंपराओं का प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनी में क्राफ्ट, हस्तशिल्प, पारंपरिक व्यंजन, वाद्य यंत्र, पारंपरिक रंग, शौर्य गाथाएं, औषधीय ज्ञान एवं पुस्तक मेले के माध्यम से जनजातीय विरासत की विविध झलक प्रस्तुत की गई।
लोक नृत्य प्रतियोगिताओं के विजेता कलाकार हुए पुरस्कृत
कार्यक्रम में लोक नृत्य प्रतियोगिताओं के विजेता कलाकार पुरस्कृत हुए। उत्तर छत्तीसगढ़ क्षेत्र लोक नृत्य महोत्सव (करमा महोत्सव) प्रतियोगिता में विकासखण्ड लखनपुर के जय शिव शरदा करमा पार्टी परसोड़ीकला को प्रथम स्थान,विकासखण्ड मैनपाट के सुपर स्टार एक्सप्रेस करमा समिति ग्राम पंचायत डांगबुड़ा को द्वितीय स्थान एवं विकासखण्ड अम्बिकापुर के ग्राम गोर्रापारा करमा दल ग्राम पंचायत रामपुर को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। इसी प्रकार शहीद वीर नारायण सिंह लोक कला महोत्सव प्रतियोगिता में विकासखण्ड बतौली के खुशबु करमा नृत्य दल ग्राम पंचायत नकना को प्रथम स्थान,विकासखण्ड मैनपाट के करमा नृत्य दल ग्राम पटेलपारा ग्राम पंचायत डांगबुड़ा को द्वितीय स्थान एवं विकासखण्ड अम्बिकापुर के शिवशक्ति करमा नृत्य दल द्वारा ग्राम पंचायत मेण्ड्राखुर्द ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।


शहीद परिवार एवं समाज प्रमुखों का हुआ सम्मान





Author: gatimanexpress24news
गिरधर कुमार(मुख्य संपादक) गतिमान एक्सप्रेस 24 न्यूज, नवभारत संवाददाता रघुनाथपुर सरगुजा, ब्यूरो चीफ सरगुजा:-सरगुजा संदेश मोबाइल नंबर:-6261256553 ई मेल-kumargirdhar8@gmail.com


