सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित
दृष्टिबाधित विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा एवं विचारों का किया प्रदर्शन
गतिमान एक्सप्रेस 24 न्यूज़/गिरधर कुमार/सरगुजा:-
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित अनुदान प्राप्त संस्था मानव जीवन ज्योति दृष्टिबाधित विद्यालय, कुनकुरी, बतौली में सोमवार को “मेरे सपनों का भारत” विषय पर विद्यालय स्तरीय ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में देश के प्रति प्रेम, सामाजिक जिम्मेदारी, रचनात्मकता एवं आत्मविश्वास की भावना को प्रोत्साहित करना रहा। इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपने सपनों के भारत की परिकल्पना को चित्रों एवं अपने विचारों के माध्यम से अभिव्यक्त किया। ड्राइंग प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने स्वच्छ, सुंदर, विकसित, आत्मनिर्भर एवं समावेशी भारत की कल्पना को अपनी रचनात्मकता के माध्यम से प्रस्तुत किया।

वहीं भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने शिक्षा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समानता, देश की प्रगति एवं नागरिक कर्तव्यों जैसे विषयों को अपने विचारों में स्थान दिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा अभिव्यक्ति कौशल विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों की सहभागिता की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों में राष्ट्र निर्माण के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने के साथ ही उनकी छिपी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने का प्रयास किया गया।


Author: gatimanexpress24news
गिरधर कुमार(मुख्य संपादक) गतिमान एक्सप्रेस 24 न्यूज, नवभारत संवाददाता रघुनाथपुर सरगुजा, ब्यूरो चीफ सरगुजा:-सरगुजा संदेश मोबाइल नंबर:-6261256553 ई मेल-kumargirdhar8@gmail.com





