अखिल भारतीय फार्मासिस्ट एसोसिएशन ने किया कार्यकारणी का गठन
सरगुजा में फार्मासिस्ट संगठन की नई शुरुआत
फार्मासिस्टों को संगठित कर जिला से प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर तक मुद्दे पहुंचाने की बनेगी रणनीति
गतिमान एक्सप्रेस 24 न्यूज/गिरधर कुमार/सरगुजा:-
अखिल भारतीय फार्मासिस्ट एसोसिएशन ने सरगुजा जिले में संगठन को मजबूत एवं सक्रिय बनाने की दिशा में नई जिला कार्यकारिणी का गठन किया है। संगठन की जिला इकाई की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी श्री राजेश राजवाड़े को जिलाध्यक्ष तथा श्री नवीन गुप्ता को जिला महासचिव के रूप में सौंपी गई है।
जिलाध्यक्ष राजेश राजवाड़े ने कहा कि सरगुजा जिले के फार्मासिस्टों को एक मजबूत संगठनात्मक मंच से जोड़ना उनकी प्राथमिकताओं में रहेगा। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत फार्मासिस्टों से संपर्क स्थापित कर उनकी समस्याओं, सुझावों एवं पेशे से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को व्यवस्थित रूप से संकलित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जिला इकाई का प्रयास रहेगा कि स्थानीय स्तर पर सामने आने वाले महत्वपूर्ण विषयों को संगठनात्मक प्रक्रिया के माध्यम से प्रदेश एवं राष्ट्रीय नेतृत्व तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए। इसके लिए नियमित बैठकें, संवाद कार्यक्रम, सदस्यता अभियान एवं फार्मासिस्ट जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जिला महासचिव नवीन गुप्ता जिला संगठन की गतिविधियों के संचालन एवं समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। वे जिला पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए बैठकों, कार्यक्रमों तथा संगठनात्मक गतिविधियों को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाने में सहयोग करेंगे।
युवा फार्मासिस्टों और विद्यार्थियों पर भी रहेगा फोकस
जिला इकाई द्वारा युवा फार्मासिस्टों एवं फार्मेसी विद्यार्थियों के लिए करियर मार्गदर्शन, व्यावसायिक जागरूकता, दवा-सुरक्षा एवं फार्मेसी पेशे से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है। साथ ही फार्मासिस्टों को संगठन से जोड़ने के लिए जिले में सदस्यता एवं संपर्क अभियान को गति देने पर भी जोर दिया जाएगा।
जिला कार्यकारिणी में इन पदाधिकारियों को मिली जिम्मेदारी

जिला कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष श्री इंदर यादव, श्री सुजीत ढली, श्री अक्षय गुप्ता एवं कुमारी यशोदा नाग, जिला सचिव श्री उमेश राजवाड़े, कोषाध्यक्ष श्री दिलीप पैकरा तथा जिला आईटी सेल प्रभारी श्री चंद्रकांत यादव को जिम्मेदारी सौंपी गई है।


जिलाध्यक्ष राजेश राजवाड़े एवं जिला महासचिव नवीन गुप्ता ने कहा कि सभी पदाधिकारी टीम भावना के साथ कार्य करते हुए जिले के फार्मासिस्टों के बीच बेहतर संवाद एवं समन्वय स्थापित करेंगे। जिला इकाई द्वारा स्थानीय स्तर पर प्राप्त विषयों को उचित संगठनात्मक माध्यम से आगे बढ़ाने के साथ-साथ प्रदेश एवं राष्ट्रीय संगठन के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि “मजबूत संगठन, बेहतर समन्वय और फार्मासिस्टों की संगठित आवाज” के उद्देश्य के साथ सरगुजा जिला इकाई को सक्रिय एवं व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाया जाएगा।
Author: gatimanexpress24news
गिरधर कुमार(मुख्य संपादक) गतिमान एक्सप्रेस 24 न्यूज, नवभारत संवाददाता रघुनाथपुर सरगुजा, ब्यूरो चीफ सरगुजा:-सरगुजा संदेश मोबाइल नंबर:-6261256553 ई मेल-kumargirdhar8@gmail.com








