सेवा की कहानीः कच्चे और टपकते घर की परेशानी से मोटू राम को मिली राहत, पीएम जनमन आवास से साकार हुआ पक्के घर का सपना

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]


हर साल लिपाई-पुताई और मरम्मत में लगने वाले खर्च से मिलेगी मुक्ति, परिवार को मिला सुरक्षित आशियाना

गतिमान एक्सप्रेस 24 न्यूज/गिरधर कुमार/सरगुजा:-

सेवा संकल्प अभियान के तहत शासन की योजनाओं से जनजातीय परिवारों के जीवन में आ रहे बदलाव की कहानियां सामने आ रही हैं। अम्बिकापुर विकासखंड की ग्राम पंचायत आमादरहा निवासी पहाड़ी कोरवा परिवार के श्री मोटू राम के लिए प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना पक्के और सुरक्षित घर का सपना पूरा करने का माध्यम बनी है। वर्षों तक कच्चे मकान में रहने की परेशानियों के बाद अब उनका पक्का आवास लगभग बनकर तैयार है।

’बारिश में टपकती थी छत, हर साल करनी पड़ती थी मरम्मत’
मोटू राम अपने दो बच्चों के साथ परिवार का भरण-पोषण खेती-बाड़ी और छोटी सी किराना दुकान के माध्यम से करते हैं। सीमित आय के कारण स्वयं के संसाधनों से पक्का मकान बनाना उनके लिए मुश्किल था। परिवार लंबे समय से कच्चे मकान में रह रहा था, जिसकी छत बारिश के दिनों में टपकती थी।

मकान को रहने योग्य बनाए रखने के लिए हर साल लिपाई-पुताई और मरम्मत करनी पड़ती थी। इसमें परिवार की कमाई का हिस्सा खर्च होने के साथ समय भी लगता था। ऐसे में पक्का और सुरक्षित घर बनाना मोटू राम की बड़ी जरूरत थी।

’पीएम जनमन आवास ने आसान की पक्के घर की राह’
प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत मोटू राम का आवास स्वीकृत होने के बाद उनके पक्के घर का निर्माण शुरू हुआ। वर्तमान में आवास का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है और शेष कार्य अंतिम चरण में है। इसके पूर्ण होते ही परिवार को कच्चे घर की बार-बार मरम्मत और बारिश के दौरान होने वाली परेशानियों से स्थायी राहत मिलेगी।

मोटू राम बताते हैं कि मिस्त्रियों के अवकाश पर होने के कारण थोड़ा काम शेष है, जिसे जल्द पूरा कर लिया जाएगा। पक्का घर मिलने की खुशी उनके लिए इसलिए भी खास है क्योंकि सीमित आय के कारण जिस मकान को बनाना कभी मुश्किल लगता था, वह अब वास्तविकता बन रहा है।

’विशेष पिछड़ी जनजाति परिवारों तक पहुंच रही आवास की सुविधा’
प्रधानमंत्री जनमन योजना के माध्यम से विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों तक आवास सहित विभिन्न बुनियादी सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। पक्का आवास मिलने से परिवारों को सुरक्षित रहने की सुविधा के साथ मौसम की मार और कच्चे मकान की बार-बार मरम्मत जैसी परेशानियों से भी राहत मिल रही है।

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत मोटू राम की यह कहानी बताती है कि पक्का आवास केवल चारदीवारी और छत नहीं, बल्कि परिवार के लिए सुरक्षा, सुकून और बेहतर जीवन की मजबूत बुनियाद भी है।

gatimanexpress24news
Author: gatimanexpress24news

गिरधर कुमार(मुख्य संपादक) गतिमान एक्सप्रेस 24 न्यूज, नवभारत संवाददाता रघुनाथपुर सरगुजा, ब्यूरो चीफ सरगुजा:-सरगुजा संदेश मोबाइल नंबर:-6261256553 ई मेल-kumargirdhar8@gmail.com

और पढ़ें

error: Content is protected !!