जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित कार्यों की कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने की समीक्षा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

ठेकेदारों के पूर्ण हो चुकी कार्यों का भुगतान विभाग समय पर करे – कलेक्टर श्री वसंत

जल स्रोत उपलब्ध योजनाओं में शत-प्रतिशत जल प्रदाय सुनिश्चित करने के दिए निर्देश


गतिमान एक्सप्रेस 24 न्यूज़ /गिरधर कुमार सरगुजा:- 

कलेक्टर एवं अध्यक्ष, जिला जल एवं स्वच्छता मिशन श्री अजीत वसंत ने आज जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित एकल ग्राम योजना एवं समूह जल प्रदाय योजना के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारी एवं संबंधित ठेकेदार उपस्थित रहे।

कलेक्टर श्री वसंत ने योजनावार कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि जहां-जहां जल स्रोत उपलब्ध हैं, वहां शत-प्रतिशत जल प्रदाय सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन योजनाओं में जल स्रोत उपलब्ध हैं और आवश्यक कार्य पूर्ण हो चुके हैं, उन्हें प्राथमिकता के साथ चालू कर ग्रामीण परिवारों को नियमित पेयजल उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि जिन ठेकेदारों के कार्य पूर्ण हो चुके हैं उन्हें समय सीमा में भुगतान करना सुनिश्चित करें । भुगतान नहीं किए जाने पर विभाग पर कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने निर्देशित किया कि जिन स्थानों पर योजनाओं के कार्य पूर्ण हो चुके हैं, वहां विभागीय अधिकारी एवं संबंधित ठेकेदार संयुक्त रूप से मौके पर जाकर कार्यों का भौतिक सत्यापन करें। सत्यापन के दौरान कार्य की गुणवत्ता एवं निर्धारित मापदंडों की जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि योजनाओं का वास्तविक लाभ ग्रामीणों को मिल सके।

बैठक में लंबित बिलों की भी समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को लंबित बिलों को एक माह के भीतर पोर्टल पर अपलोड करने की कार्यवाही सुनिश्चित करने, साथ ही जिन ठेकेदारों के कार्य पूर्ण हो चुके हैं, उनके कार्यों की नियमानुसार जांच कर आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण करते हुए भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री वसंत ने पुरानी स्कीम के तहत किए जाने वाले शेष कार्यों को भी तत्काल प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण नहीं करने अथवा कार्य की गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों एवं ठेकेदारों को जल जीवन मिशन के कार्यों में तेजी लाने के साथ-साथ गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसलिए सभी संबंधित अधिकारी योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करें तथा मैदानी स्तर पर कार्यों की प्रगति की सतत समीक्षा करते हुए समय-सीमा में योजनाओं का क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।

कलेक्टर ने बैठक पूर्ण हो चुकी योजनाओं के देयकों का नियमानुसार भुगतान, जल स्रोत उपलब्ध समूह जल प्रदाय योजनाओं को शीघ्र चालू करने तथा शेष कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करते हुए योजनाओं का लाभ ग्रामीणों तक पहुंचाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

gatimanexpress24news
Author: gatimanexpress24news

गिरधर कुमार(मुख्य संपादक) गतिमान एक्सप्रेस 24 न्यूज, नवभारत संवाददाता रघुनाथपुर सरगुजा, ब्यूरो चीफ सरगुजा:-सरगुजा संदेश मोबाइल नंबर:-6261256553 ई मेल-kumargirdhar8@gmail.com

और पढ़ें

error: Content is protected !!