गतिमान एक्सप्रेस 24 न्यूज/गिरधर कुमार/सरगुजा:-
छत्तीसगढ़ पुलिस ने प्रदेशवासियों को साइबर अपराध से सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से 15 अगस्त से 02 अक्टूबर, 2026 तक सात सप्ताह जारी रहने वाला “साइबर जागृति अभियान” शुरू करने की घोषणा की है। अभियान की थीम है “साइबर जागृति की एक सेल्फी”। पुलिस ने जनता से QR कोड स्कैन कर या जारी लिंक पर क्लिक कर सेल्फी फ्रेम लेकर उसे अपने सोशल मीडिया पर साझा करने की अपील की है, ताकि जागरूकता तेज़ी से फैले।


रायपुर में मुख्यमंत्री व गृहमंत्री ने अभियान का औपचारिक उद्घाटन किया। सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा व पुलिस अधीक्षक (डीआईजी) राजेश कुमार अग्रवाल ने अम्बिकापुर में स्थानीय रूप से अभियान के लिंक व QR कोड जारी करते हुए प्रेसवार्ता की। दोनों अधिकारियों ने लोगों, सामाजिक एवं व्यावसायिक संस्थाओं, इन्फ्लुएंसर्स और नागरिकों से अधिक से अधिक भागीदारी की अपील की।
अभियान के सात सप्ताह में विभिन्न लक्षित कार्यक्रम होंगे:
पहला सप्ताह: स्कूल व कॉलेजों में डिजिटल सतर्कता व बुनियादी सुरक्षा।
दूसरा सप्ताह: बैंकिंग व वित्तीय संस्थानों में वित्तीय धोखाधड़ी व UPI सुरक्षा।
तीसरा सप्ताह: वरिष्ठ नागरिकों के लिए डिजिटल अरेस्ट व फ़र्ज़ी कॉल पर टाउन हॉल।
चौथा सप्ताह: महिला कॉलेज व सामुदायिक समूहों में स्मार्टफोन प्राइवेसी व सेफ ब्राउज़िंग।
पाँचवाँ सप्ताह: रोजगार कार्यालय, आईटीआई व कौशल केंद्रों में जॉब फ्रॉड व फिशिंग पर जागरूकता।
छठा सप्ताह: डेटा प्राइवेसी व सोशल मीडिया सीमाओं पर विशेष कार्यक्रम।
सातवाँ सप्ताह: ग्राम पंचायतों व निकायों में गांधी जयंती के अवसर पर “साइबर मुक्त छत्तीसगढ़” संकल्प।
अभियान के दौरान जिला पुलिस टीम एवं स्थानीय थाना पोस्टर, बैनर, सार्वजनिक स्थानों व सोशल मीडिया के जरिए QR कोड व लिंक का प्रचार-प्रसार करेंगे। समापन समारोह 02 अक्टूबर, 2026 को गांधी जयंती पर आयोजित होगा।पुलिस महानिरीक्षक ने कहा, “जिस तरह देश की आज़ादी के लिए लोग एकजुट हुए थे, वैसे ही अब हमें साइबर अपराध के खिलाफ एक जुट होकर जागरूकता फैलानी है।” उन्होंने जनता से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
Author: gatimanexpress24news
गिरधर कुमार(मुख्य संपादक) गतिमान एक्सप्रेस 24 न्यूज, नवभारत संवाददाता रघुनाथपुर सरगुजा, ब्यूरो चीफ सरगुजा:-सरगुजा संदेश मोबाइल नंबर:-6261256553 ई मेल-kumargirdhar8@gmail.com
