मॉन्टफोर्ट स्कूल, अंबिकापुर में “जीवन अनमोल है : मानसिक स्वास्थ्य हमारा अधिकार” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम संपन्न

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

गतिमान एक्सप्रेस 24 न्यूज/गिरधर कुमार/सरगुजा:-

विद्यार्थियों में मानसिक स्वास्थ्य, सकारात्मक जीवनशैली एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से मॉन्टफोर्ट स्कूल, अंबिकापुर में “जीवन अनमोल है : मानसिक स्वास्थ्य हमारा अधिकार” विषय पर एक प्रभावी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमोलक सिंह ढिल्लों जी रहे। विशेष अतिथि के रूप में श्रीमती शिल्पा पाण्डेय जी एवं श्री उमाशंकर पाण्डेय जी उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य ब्रदर एस. गैब्रियल जी ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत, पुष्पगुच्छ एवं शॉल भेंट तथा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।

अपने प्रेरणादायी संबोधन में वक्ताओं ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य प्रत्येक व्यक्ति का मूल अधिकार है। स्वस्थ और सफल जीवन के लिए मानसिक रूप से संतुलित रहना अत्यंत आवश्यक है। विद्यार्थियों को अपनी क्षमता के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित करने, बड़े सपने देखने तथा उन्हें योजनाबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी गई। साथ ही अनावश्यक तनाव, तुलना एवं ओवरथिंकिंग से बचते हुए सकारात्मक सोच अपनाने पर विशेष बल दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान मोबाइल फोन के संतुलित एवं जिम्मेदार उपयोग पर विशेष जोर दिया गया। विद्यार्थियों को बताया गया कि मोबाइल का उपयोग शिक्षा, ज्ञानवर्धन एवं आवश्यक कार्यों तक सीमित रखना चाहिए। अत्यधिक स्क्रीन टाइम, सोशल मीडिया की लत तथा अनावश्यक डिजिटल गतिविधियाँ मानसिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती हैं।

विद्यार्थियों को सही मित्रों का चयन करने, गलत संगति एवं नकारात्मक प्रभावों से दूर रहने, सही और गलत के बीच विवेकपूर्ण निर्णय लेने तथा किसी की गलत आदतों की नकल न करने की सीख दी गई। सड़क सुरक्षा के संदर्भ में बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन न चलाने, यातायात नियमों का पालन करने तथा सड़क पर जिम्मेदारीपूर्वक व्यवहार करने का संदेश भी दिया गया।

कार्यक्रम में युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों से नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रहने, अनुशासन एवं आत्मसंयम अपनाने तथा जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया गया। साथ ही समाज में बढ़ते अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए महिलाओं एवं बालिकाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार, पारस्परिक सम्मान तथा सुरक्षित एवं संवेदनशील समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।

अंत में विद्यार्थियों से अपने मानसिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने, सकारात्मक सोच के साथ जीवन में आगे बढ़ने, अनुशासन एवं नैतिक मूल्यों का पालन करने तथा जिम्मेदार नागरिक बनने का संकल्प लेने का आह्वान किया गया। इसके पश्चात आभार प्रदर्शन प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य ब्रदर एस. गैब्रियल जी ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का गरिमामय समापन हुआ।

विद्यालय परिवार ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशीलता, आत्मविश्वास, अनुशासन एवं सकारात्मक जीवन मूल्यों को सुदृढ़ करने में सहायक सिद्ध होते हैं।

gatimanexpress24news
Author: gatimanexpress24news

गिरधर कुमार(मुख्य संपादक) गतिमान एक्सप्रेस 24 न्यूज, नवभारत संवाददाता रघुनाथपुर सरगुजा, ब्यूरो चीफ सरगुजा:-सरगुजा संदेश मोबाइल नंबर:-6261256553 ई मेल-kumargirdhar8@gmail.com

और पढ़ें

error: Content is protected !!