दिव्यांगता को नहीं बनने दिया बाधा, सी एस सी सेंटर से आत्मनिर्भर बनीं साहिदा बेगम
गतिमान एक्सप्रेस 24 न्यूज/गिरधर कुमार/सरगुजा:-
सरगुजा जिला अम्बिकापुर से महज 20 किलोमीटर की दूरी पर स्थित ग्राम बटवाही की महिला सशक्तिकरण एवं आर्थिक समृद्धि की एक ऐसी कहानी जिन्होंने दिव्यांगता को कभी अपनी सफलता के रोड़े हाथ नहीं आने दिया अपितु दिव्यांगता के बावजूद कड़ी मेहनत व लगन से एक ऐसा मुकाम हासिल की है जो अन्य महिलाओं के लिए प्रेरक बन चुकी है ।

हम बात कर रहे है साहिदा बेगम निवासी ग्राम बटवाही की जिन्होंने दिव्यांगता के बावजूद मेहनत और लगन से सी एस सी के माध्यम से डिजिटल साक्षरता व बैंकिंग जागरूकता जैसे ग्रामीणों को जागरूक कर रही है और ग्रामीण महिलाओं की प्रेरणा बनकर डिजिटल सेवाओं से गांव की तस्वीर बदल रही है ।

कठिन परिस्थितियों और शारीरिक चुनौती के बावजूद दृढ़ इच्छाशक्ति, मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर बटवाही ग्राम की साहिदा बेगम ने आत्मनिर्भरता की मिसाल कायम की है। कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) से जुड़कर उन्होंने न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत की, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र में डिजिटल सेवाओं की पहुंच भी बढ़ाई है।

साहिदा बेगम के एक पैर में शारीरिक समस्या है, जिसके कारण उन्हें चलने-फिरने में कठिनाई होती है। इसके बावजूद उन्होंने कभी अपनी परिस्थितियों को सफलता की राह में बाधा नहीं बनने दिया। पहले वह एक अन्य CSC केंद्र में कार्य करती थीं, जहां उन्हें मात्र 1,500 रुपये प्रतिमाह वेतन मिलता था।
बेहतर भविष्य की उम्मीद के साथ उन्होंने CSC का प्रशिक्षण लिया और स्वयं का CSC सेंटर स्थापित किया। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के बावजूद उन्होंने मेहनत जारी रखी और वर्ष 2022 में CSC ID प्राप्त करने के बाद अपने केंद्र का विस्तार किया। बाद में प्रिंटर, फोटोकॉपी मशीन सहित अन्य सुविधाएं जोड़कर ग्रामीणों को विभिन्न डिजिटल सेवाएं उपलब्ध करानी शुरू कीं।
आज साहिदा बेगम के CSC केंद्र में बैंकिंग सेवाएं, मोबाइल रिचार्ज, आधार आधारित ई-केवाईसी, बिजली बिल भुगतान, पैन कार्ड सेवा, अटल डिजिटल सुविधा केंद्र सहित कई ऑनलाइन सेवाएं संचालित हो रही हैं। उनके माध्यम से ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं और डिजिटल सुविधाओं का लाभ गांव में ही मिल रहा है।
निरंतर मेहनत और सेवाओं के विस्तार से आज उनकी मासिक आय लगभग 10 हजार रुपये तक पहुंच गई है। जो महिला कभी सीमित आय में परिवार का खर्च चलाने के लिए संघर्ष कर रही थी, वही आज अपने प्रयासों से आत्मनिर्भर बनकर अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बन गई है।
साहिदा बेगम का कहना है कि CSC उनके लिए केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि गांव की महिलाओं और ग्रामीणों के लिए नई उम्मीद का केंद्र है। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प के बल पर किसी भी चुनौती को अवसर में बदला जा सकता है।
Author: gatimanexpress24news
गिरधर कुमार(मुख्य संपादक) गतिमान एक्सप्रेस 24 न्यूज, नवभारत संवाददाता रघुनाथपुर सरगुजा, ब्यूरो चीफ सरगुजा:-सरगुजा संदेश मोबाइल नंबर:-6261256553 ई मेल-kumargirdhar8@gmail.com




