गतिमान एक्सप्रेस 24 न्यूज/गिरधर कुमार/रघुनाथपुर:-
सरगुजा जिले के लुंड्रा थाना अंतर्गत पुलिस चौकी रघुनाथपुर क्षेत्र के ग्राम बटवाही में स्थित ‘अशोक ज्वेलर्स’ में बीती रात 3 अज्ञात चोरों ने धावा बोल दिया। चोरों ने दुकान से 80 हजार रुपये मूल्य के चांदी के आभूषण और 5 हजार रुपये की आर्टिफिशियल ज्वेलरी पर हाथ साफ कर दिया। इस दौरान दुकान संचालक पुत्र के जगे होने पर चोरों और दुकान संचालक के बीच करीब आधे घंटे तक संघर्ष और हाथापाई भी हुई।
घटना का विवरण
दुकान संचालक करण सोनी (पिता अशोक सोनी, उम्र लगभग 27 वर्ष) ने बताया कि वह 10 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे खाना खाने के बाद दुकान पर सोने आए थे।
प्रवेश का तरीका: 11 अक्टूबर की रात करीब 1 बजे से 3 बजे के बीच, तीन अज्ञात चोर दुकान के पीछे की दीवार फांदकर अंदर घुसे। चोरों के पास चाकू, बांस के डंडे और लोहे का साबर (धारदार हथियार) था, जिसकी मदद से उन्होंने दुकान के मुख्य दरवाजों के दीवारों को तोड़ा व दरवाजे में लगे लोक को खोला गया ।
आंखों देखा हाल: आहट सुनकर जब करण सोनी अचानक उठे, तो उन्होंने देखा कि दो चोर बैग में चांदी और आर्टिफिशियल ज्वेलरी भर रहे थे, जबकि तीसरा चोर बांस की लाठी लेकर उनके पास खड़ा था।
दुकानदार और चोरों में संघर्ष:-
अचानक उठे दुकानदार को चोरों ने जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद दुकान संचालक और तीनों चोरों के बीच लगभग आधे घंटे तक जमकर हाथापाई हुई। इस संघर्ष के दौरान दुकानदार के हाथ में चोटें आईं। हालांकि, जब चोरों ने देखा कि दुकानदार उन पर भारी पड़ रहा है, तो वे घबरा गए। इसी बीच, दुकानदार ने लोहे की कुर्सी से धक्का देकर चोरों को पीछे हटाया और दरवाजा बंद कर शोर मचाया तथा तुरंत 100 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। शोर सुनकर तीनों चोर मौके से फरार हो गए।
पुलिस की कार्रवाई:-
घटना की सूचना मिलते ही लुंड्रा थाना प्रभारी असफाक अहमद अंसारी अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड, एफएसएल (FSL) और साइबर क्राइम की टीमों को भी जांच के लिए बुलाया गया।
दुकान संचालक की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ लूट और चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के सुराग जुटा रही है और चोरों की तलाश में लगातार विवेचना जारी है।




Author: gatimanexpress24news
गिरधर कुमार(मुख्य संपादक) गतिमान एक्सप्रेस 24 न्यूज, नवभारत संवाददाता रघुनाथपुर सरगुजा, ब्यूरो चीफ सरगुजा:-सरगुजा संदेश मोबाइल नंबर:-6261256553 ई मेल-kumargirdhar8@gmail.com





