गतिमान एक्सप्रेस 24 न्यूज/गिरधर कुमार/रघुनाथपुर/सरगुजा:-
प्रभात उच्चतर माध्यमिक विद्यालय राई रघुनाथपुर में इस वर्ष शाला प्रवेश उत्सव बड़े धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक लुंड्रा प्रबोध मिंज,सरगुजा जिला पंचायत के उपाध्यक्ष देवनारायण यादव, जनपद पंचायत लुंड्रा की उपाध्यक्ष कंचन जायसवाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष सतीश जायसवाल, किसान मोर्चा महामंत्री पूर्व मंडल अध्यक्ष महेंद्र सिंह,जयप्रकाश यादव,छत्तीसगढ़ श्रम जीवी पत्रकार संघ सरगुजा अध्यक्ष सुरेश गुप्ता सहित कई जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ भाजपा नेता, पत्रकार और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



कार्यक्रम का प्रारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलित कर किया गया । इसके पश्चात स्वागत गीत,राजकीय गीत अरपा पैरी के धार,मां सरस्वती वंदना नृत्य जैसे विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया । विगत वर्ष परीक्षा में उत्कृष्ठ प्रदर्शन करने वाले छात्र छात्राओं को विधायक लुंड्रा प्रबोध मिंज व अन्य अतिथियों के हाथों सम्मानित किया गया ।
बच्चों का तिलक और मिठाई से स्वागत
कार्यक्रम में नए प्रवेश लेने वाले बच्चों का तिलक कर, मिठाई खिलाकर और सम्मानित कर स्वागत किया गया। यह आयोजन छत्तीसगढ़ सरकार की शिक्षा नीति के अंतर्गत किया गया। वक्ताओं ने कहा कि यह उत्सव केवल औपचारिकता नहीं बल्कि शिक्षा के महत्व को समाज तक पहुँचाने का प्रयास है।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवनारायण यादव ने अपने उद्बोधन में कहा कि क्षेत्र का कोई भी बच्चा निरक्षर न रहे हम सभी की जिम्मेदारी है कि प्रत्येक बच्चा शिक्षा के अधिकार का लाभ ले सके व हम सभी शिक्षा के प्रति अधिक से अधिक प्रेरित कर सके ।
विधायक लुंड्रा प्रबोध मिंज द्वारा अपने उद्बोधन में समय प्रबंधन व शिक्षा को भविष्य की कुंजी बताया गया । शिक्षा भविष्य सुरक्षित करने का सबसे महत्वपूर्ण साधन है। उन्होंने कहा कि शिक्षा से ही बच्चे डॉक्टर, इंजीनियर, आईएएस, शिक्षक और अच्छे नागरिक बन सकते हैं। बच्चों को लक्ष्य तय करने और मेहनत से तैयारी करने की प्रेरणा दी।
कोरोना काल और तकनीकी विकास का उल्लेख
विधायक लुंड्रा प्रबोध मिंज ने कोरोना काल का जिक्र करते हुवे कहा गया कि कोरोना काल में ऑनलाइन शिक्षा और तकनीकी विकास ने महती भूमिका अदा की। उन्होंने कहा कि आज मोबाइल और इंटरनेट ने शिक्षा को हर घर तक पहुँचाया है। यह बच्चों की सोच और कल्पना को नई दिशा दे रहा है।
जीवन का सबसे महत्वपूर्ण समय :-
विधायक लुंड्रा द्वारा अपने उद्बोधन में कहा गया कि स्कूली और कॉलेज जीवन ही सबसे महत्वपूर्ण समय है यह उम्र दोबारा लौटकर नहीं आती। इसी समय में मेहनत और पढ़ाई से भविष्य की नींव रखी जाती है। शाला प्रवेश उत्सव ने बच्चों और अभिभावकों को शिक्षा के महत्व का संदेश दिया। यह आयोजन केवल स्वागत समारोह नहीं बल्कि समाज को यह याद दिलाने का प्रयास है कि शिक्षा ही विकास और सफलता की असली कुंजी है।
कार्यक्रम के अंत में नवीन सेड का उद्घाटन किया गया व नवमी की छात्राओं को सरस्वती सायकिल योजना के तहत निः शुल्क सायकिल का वितरण किया गया । जनपद पंचायत लुंड्रा की उपाध्यक्ष श्रीमती कंचन जायसवाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष लुंड्रा सतीश जायसवाल,महेंद्र सिंह पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष लुंड्रा द्वारा भी विद्यार्थियो को अपने उद्बोधन से प्रेरित व प्रोत्साहित किया गया ।
विद्यालय के प्राचार्य अनुपदेव बेक द्वारा विद्यालय में शिक्षा के अतिरिक्त छात्र छात्राओं के शारीरिक व मानसिक विकास हेतु विविध आयोजन किये जाने की बात कही गई । इस दौरान सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता 2026 में संभाग स्तर पर तीसरा स्थान विद्यालय के फुटबॉल खिलाड़ियों द्वारा अर्जित करने की बात अपने उद्बोधन में कही गई ।उक्त कार्यक्रम में मंच संचालन संजय पांडेय के द्वारा किया गया । उक्त कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त स्टाफ उपस्थित रहे ।
Author: gatimanexpress24news
गिरधर कुमार(मुख्य संपादक) गतिमान एक्सप्रेस 24 न्यूज, नवभारत संवाददाता रघुनाथपुर सरगुजा, ब्यूरो चीफ सरगुजा:-सरगुजा संदेश मोबाइल नंबर:-6261256553 ई मेल-kumargirdhar8@gmail.com







