बतौली महिला एफपीओ द्वारा कृषि सामग्री केंद्र, सिलाई-कपड़ा केंद्र एवं किराना दुकान का शुभारंभ

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

महिलाओं की आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में बड़ी पहल

गतिमान एक्सप्रेस 24 न्यूज/गिरधर कुमार/सरगुजा/छत्तीसगढ़:-

  ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित करने की दिशा में जिले के बतौली महिला फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड (एफपीओ) द्वारा संचालित विभिन्न व्यावसायिक इकाइयों का शुभारंभ ग्राम बतौली में किया गया। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि जिला पंचायत सरगुजा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विनय अग्रवाल थे।

कार्यक्रम का शुभारंभ फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर कृषि सामग्री केंद्र, सिलाई-कपड़ा केंद्र एवं किराना दुकान का उद्घाटन जिला पंचायत सीईओ श्री अग्रवाल, एफपीओ की अध्यक्ष, सचिव, संचालक मंडल के सदस्यों तथा महिला समूहों की प्रतिनिधियों द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। समारोह में डीएमएमयू श्री नीरज नामदेव, डीपीएम श्री राहुल मिश्रा, डीपीएम श्री संदीप सोनी सहित एफपीओ सदस्य एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

उद्घाटन के पश्चात जिला पंचायत सीईओ श्री विनय अग्रवाल ने सभी इकाइयों का निरीक्षण किया। उन्होंने महिलाओं द्वारा निर्मित एवं प्रसंस्कृत उत्पादों जैसे चावल, दाल, साबुन एवं अन्य घरेलू उपयोग की सामग्रियों का अवलोकन किया तथा महिलाओं की मेहनत और उद्यमशीलता की सराहना की। उन्होंने कहा कि महिला समूहों द्वारा संचालित ऐसे प्रयास ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के साथ-साथ महिलाओं की आय वृद्धि और आत्मनिर्भरता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कृषि सामग्री केंद्र के निरीक्षण के दौरान एफपीओ की वर्तमान गतिविधियों एवं भविष्य की कार्ययोजनाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर किसानों एवं महिला समूहों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने तथा कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों, गुणवत्तापूर्ण कृषि आदानों और विपणन व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर बल दिया।

सिलाई एवं कपड़ा केंद्र के अवलोकन के दौरान महिलाओं के कौशल विकास, स्वरोजगार एवं आजीविका संवर्धन के प्रयासों की सराहना की गई। अधिकारियों ने महिलाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए नवाचार आधारित गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान कृषि सखी, पशु सखी, पीआरपी एवं अन्य सामुदायिक कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा कर एफपीओ के संचालन, उत्पादों के विपणन, बाजार से जुड़ाव तथा महिला सदस्यों की आय वृद्धि के संबंध में विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों ने एफपीओ को सुदृढ़ एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया।

कार्यक्रम के अंत में अतिथियों, अधिकारियों, महिला समूहों, एफपीओ सदस्यों एवं ग्रामीणजनों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। जिला प्रशासन की पहल से महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण, ग्रामीण उद्यमिता के विकास एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

gatimanexpress24news
Author: gatimanexpress24news

गिरधर कुमार(मुख्य संपादक) गतिमान एक्सप्रेस 24 न्यूज, नवभारत संवाददाता रघुनाथपुर सरगुजा, ब्यूरो चीफ सरगुजा:-सरगुजा संदेश मोबाइल नंबर:-6261256553 ई मेल-kumargirdhar8@gmail.com

और पढ़ें

error: Content is protected !!