सरगुजा जिला के 55 मेधावी विद्यार्थी सपनों की उड़ान भरने हुए रवाना

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

’’ओजस्वी सरगुजा’’ उज्ज्वल भविष्य एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल

NEET/JEE परीक्षा की तैयारी हेतु निःशुल्क कोचिंग से संवरेगा भविष्य

मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की दी शुभकामनाएं, बसों को हरी झण्डी दिखाकर किया रवाना

प्रिय बच्चों, आपकी यह यात्रा सपनों, संघर्षों और सफलता की यात्रा है, पूरी मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़े- मंत्री श्री अग्रवाल

गतिमान एक्सप्रेस 24 न्यूज/गिरधर कुमार/ सरगुजा:-

 उज्ज्वल भविष्य एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की दिशा में ’’ओजस्वी सरगुजा’’ के रूप में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। ओजस्वी सरगुजा योजना के अंतर्गत मेधावी विद्यार्थियों को NEET एवं JEE की तैयारी हेतु रायपुर भेजा जा रहा है। शासकीय विद्यालयों के 10वीं बोर्ड परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेरिट आधारित चयनित मेधावी विद्यार्थियों को उच्च स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु सोमवार को रायपुर भेजा गया। इन विद्यार्थियों को रायपुर स्थित प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थान ’’एलेन केरियर इंस्टिट्यूट’’ में NEET एवं JEE परीक्षा की आवासीय कोचिंग प्रदान की जाएगी। यह पहल जिला खनिज संस्थान न्यास के वित्तीय सहयोग से संचालित होगी।

इस हेतु सोमवार को विद्यार्थियों एवं पालकों को रायपुर ले जाने वाली 3 बसों को पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। जिला कलेक्टरेट सभाकक्ष में आयोजित अभिनंदन कार्यक्रम में मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि आज का यह अवसर केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सरगुजा जिले के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला रखने का ऐतिहासिक क्षण है।

मुझे अत्यंत प्रसन्नता एवं गर्व हो रहा है कि ओजस्वी सरगुजा जैसी दूरदर्शी परिकल्पना आज वास्तविक स्वरूप ले रही है। आज जिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को नीट एवं जेईई जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु रायपुर भेजा जा रहा है, वे आने वाले समय में न केवल अपने परिवार और जिले का नाम रोशन करेंगे, बल्कि छत्तीसगढ़ राज्य की प्रगति में भी महत्वपूर्ण योगदान देंगे। मुझे विश्वास है आने वाले वर्षों में यही बच्चे डॉक्टर, इंजीनियर एवं राष्ट्र निर्माता बनकर समाज का नेतृत्व करेंगे। कोचिंग हेतु विशेष पिछड़ी जनजाति वर्ग से 5 बच्चे भी चयनित गए हैं। यह केवल चयन नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन का एक सशक्त संदेश है। दूरस्थ वनांचल एवं सीमित संसाधनों के बीच से निकलकर इन्होंने यह सिद्ध कर दिया है कि प्रतिभा परिस्थितियों की मोहताज नहीं होती। उन्होंने इस अभिनव पहल के लिए जिला प्रशासन को बधाई दी तथा कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि चयनित कोचिंग संस्थान द्वारा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन प्राप्त होगा एवं यह प्रयास आने वाले समय में सरगुजा सहित पूरे छत्तीसगढ़ के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा।

उन्होंने बच्चों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए  कहा कि आज आप जिस यात्रा पर निकल रहे हैं, वह केवल रायपुर तक की यात्रा नहीं है, बल्कि आपके सपनों, संघर्षों और सफलता की यात्रा है। आप पूरी मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़े। शासन प्रशासन आपके साथ खड़ा है। उन्होंने बच्चों को कहा कि आपकी सफलता से आपके पालकों, गुरुजनों सभी को प्रसन्नता और गर्व होगा। उन्होंने एलेन प्रबंधन को बच्चों को पढाई के साथ-साथ शौक्षणिक भ्रमण करवाने हेतु भी निर्देशित किया। कार्यक्रम में उपस्थित जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती निरुपा सिंह ने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ने एवं सफल होकर सरगुजा जिले का नाम रोशन करने प्रेरित किया। वहीं जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री देवनारायण यादव ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने ”ओजस्वी सरगुजा” के सम्बन्ध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बच्चों के चयन प्रक्रिया, कोचिंग, आवासीय व्यवस्था सहित अन्य सुविधाओं के बारे में बताया तथा विद्यार्थियों एवं पालकों का उत्साहवर्धन कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।  इस दौरान जिला पंचायत सदस्य, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विनय अग्रवाल, जिला शिक्षा अधिकारी श्री दिनेश झा सहित चयनित विद्यार्थी एवं पालक उपस्थित रहे।

55 विद्यार्थियों को मिलेगी कोचिंग सुविधा-

छात्र-छात्राओं का चयन कक्षा 10 वीं के बोर्ड परीक्षा में प्राप्त अंक के आधार पर किया गया है। मेडिकल एवं इंजीनियरिंग में रुचि अनुसार प्रवेश परीक्षा NEET/JEE 2028 की तैयारी हेतु जिला स्तरीय मेरिट सूची में सम्मिलित बच्चों की इस चयन प्रक्रिया में आरक्षण रोस्टर का पूर्णतः पालन किया गया है। कोचिंग हेतु कुल 50 पात्र छात्र-छात्राओं को जिला प्रशासन सरगुजा द्वारा चयन किया गया है। चयन प्रक्रिया उपरांत 50 चयनित विद्यार्थियों के अतिरिक्त विशेष पिछड़ी जनजाति वर्ग की कुल 05 विद्यार्थियों का मेरिट के आधार पर चयन किया गया। जिसमें 4 बालिकाओं ने NEET तथा 1 बालिका ने JEE का चयन किया है।
विद्यार्थियों में अनुसूचित जनजाति वर्ग के 32, पीवीटीजी के 5, अनुसूचित जाति के 4, अन्य पिछड़ा वर्ग के 12 एवं सामान्य वर्ग के 2 विद्यार्थी शामिल हैं। NEET परीक्षा की तैयारी 36 एवं JEE की तैयारी 19 बच्चे करेंगे।

’’एलेन केरियर इंस्टिट्यूट’’ में विद्यार्थियों को मिलेगी कोचिंग-
इन दौरान बताया गया कि कोचिंग संस्थान का चयन ’’रुचि की अभिव्यक्ति (EOI)” प्रक्रिया के माध्यम से किया गया। कुल 06 संस्थानों में  “Allen Career Institute” का चयन किया गया।

बच्चों को प्रतिमाह मिलेगी छात्रवृत्ति-
भोजन एवं आवास व्यवस्था हेतु समस्त चयनित विद्यार्थियों को 7500 रुपए प्रतिमाह की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।

gatimanexpress24news
Author: gatimanexpress24news

गिरधर कुमार(मुख्य संपादक) गतिमान एक्सप्रेस 24 न्यूज, नवभारत संवाददाता रघुनाथपुर सरगुजा, ब्यूरो चीफ सरगुजा:-सरगुजा संदेश मोबाइल नंबर:-6261256553 ई मेल-kumargirdhar8@gmail.com

और पढ़ें

error: Content is protected !!