भारतीय पेट्रोलियम कंपनी डीजल चोरी के मामले में राष्ट्रीय गिरोह ढाबा संचालक व टैंकर चालक गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

950 लीटर डीजल, 2 टैंकर और स्कॉर्पियो समेत लाखों का सामान जब्त, मुगलसराय से उड़ीसा जा रहे थे दोनों टैंकर

गतिमान एक्सप्रेस 24 न्यूज/सूरजपुर:-

जिले में अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रतापपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारतीय पेट्रोलियम कंपनी के डीजल चोरी मामले में ढाबा संचालक और एक टैंकर चालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से करीब 950 लीटर डीजल, दो टैंकर वाहन, एक स्कॉर्पियो और अन्य उपकरण जब्त किए हैं। मामले में एक अन्य टैंकर चालक फरार है जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार डीआईजी एवं एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 22 मई 2026 की रात थाना प्रतापपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम दुरती स्थित अन्नपूर्णा ढाबा का संचालक रविकांत यादव अपने स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक यूपी 67 एएम 9993 के साथ ढाबे में मौजूद है और उसके पीछे-पीछे आए दो टैंकर वाहनों से डीजल निकाला जा रहा है।

सूचना में बताया गया कि टैंकर क्रमांक डब्ल्यूबी 78-5226 और एनएल 06 ए 9129 मुगलसराय से लगभग 24-24 हजार लीटर डीजल लेकर उड़ीसा जा रहे थे। आरोप है कि टैंकर चालकों ने ढाबा संचालक के साथ मिलकर टैंकर के ऑयल टैंक को काटकर उसमें से डीजल चोरी करना शुरू कर दिया था।

सूचना पर पुलिस टीम ने अन्नपूर्णा ढाबा में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान ढाबे के पीछे बने कमरे से 200 लीटर क्षमता वाले चार ड्रम, कई प्लास्टिक जरीकेन और अन्य पात्रों में भरा कुल 950 लीटर डीजल बरामद किया गया, जिसकी कीमत करीब 93 हजार 100 रुपये बताई गई है।

पुलिस ने मौके से लोहे की छड़, प्लास्टिक पाइप, डीजल मापने का पात्र, कंटेनर में लगने वाले लोहे के कम्पाट, कटिंग मशीन सहित चोरी में प्रयुक्त अन्य सामान भी जब्त किया। साथ ही दोनों टैंकर और एक काले रंग की स्कॉर्पियो वाहन को भी कब्जे में लिया गया।

मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 151/2026 के तहत बीएनएस की धारा 316(3), 316(5) और 3(5) के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए ढाबा संचालक रविकांत कुमार यादव तथा टैंकर चालक सलीम रहमान खान को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं दूसरे टैंकर का चालक सलमान मौके से फरार हो गया, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।

gatimanexpress24news
Author: gatimanexpress24news

गिरधर कुमार(मुख्य संपादक) गतिमान एक्सप्रेस 24 न्यूज, नवभारत संवाददाता रघुनाथपुर सरगुजा, ब्यूरो चीफ सरगुजा:-सरगुजा संदेश मोबाइल नंबर:-6261256553 ई मेल-kumargirdhar8@gmail.com

और पढ़ें

error: Content is protected !!