ग्राम करजी और बेलखरिखा में विकास कार्यों का जिला पंचायत सीईओ ने लिया जायजा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

लापरवाही बरतने पर बेलखरिखा के ग्राम पंचायत सचिव को निलंबित करने के निर्देश

आकांक्षी विकासखंड लखनपुर में ’संपूर्णता अभियान 2.0’ के तहत हुआ जनसंवाद

गतिमान एक्सप्रेस 24 न्यूज/सरगुजा/छत्तीसगढ़:-

जिला पंचायत सीईओ श्री विनय अग्रवाल ने जनपद पंचायत अम्बिकापुर के ग्राम पंचायत करजी और जनपद पंचायत लखनपुर के ग्राम पंचायत बेलखरिखा का  दौरा किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शासन की हितग्राही मूलक योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की  और निर्माण कार्यों को तय समय-सीमा में गुणवत्ता पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निर्माण कार्यों की गुणवत्तापूर्ण करने के निर्देश
जिला पंचायत सीईओ श्री अग्रवाल ने ग्राम पंचायत करजी में निर्माणाधीन पंचायत भवन और आंगनवाड़ी भवन की प्रगति का निरीक्षण किया एवं अधिकारियों को सभी कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने को निर्देशित किया। वहीं उन्होंने सीएससी सेंटर में महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों के ई-केवाईसी गतिविधि का अवलोकन किया। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों और महिला स्व-सहायता समूह के सदस्यों से चर्चा कर शेष आवासों को जल्द पूरा करने हेतु प्रोत्साहित किया।

अनुशासनहीनता पर कार्रवाई के निर्देश
लखनपुर जनपद के भ्रमण के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री अग्रवाल बेलखरिखा में आयोजित ग्राम सभा में शामिल हुए। वहां कार्यों की समीक्षा के दौरान ग्राम पंचायत सचिव लालसाय की अनाधिकृत अनुपस्थिति और असंतोषजनक कार्यशैली पाए जाने पर उन्होंने तत्काल प्रभाव से निलंबित करने की कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासकीय कार्यों में लापरवाही और आमजन की समस्याओं के प्रति उदासीनता बरतने पर कार्यवाही  की जाएगी।

संपूर्णता अभियान 2.0 और जनसंवाद
जिला पंचायत सीईओ श्री विनय अग्रवाल ने बेलखरिखा में वर्षों से अपूर्ण कार्यों की जांच कराकर उन्हें 15 दिवस के भीतर प्रारंभ करने के निर्देश दिए। कार्य प्रारंभ नहीं होने की स्थिति में संबंधित सरपंच एवं सचिव के विरुद्ध आरआरसी जारी करने की निर्देश दिए। साथ ही अधूरे प्रधानमंत्री आवासों को मई माह तक अनिवार्य रूप से पूर्ण करने को निर्देशित किया। बेलखरिखा में आयोजित जन चौपाल कार्यक्रम में आकांक्षी विकासखंड लखनपुर के तहत संचालित ’संपूर्णता अभियान 2.0’ (28 जनवरी से 14 अप्रैल 2026) की उपलब्धियों पर चर्चा की गई। सीईओ ने विभिन्न स्वास्थ्य और पोषण सूचकों में शत-प्रतिशत संतृप्ति प्राप्त करने हेतु ग्रामीणों और मितानिनों को प्रेरित किया।

विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार
ग्रामीणों की मांग और क्षेत्र की आवश्यकता को देखते हुए जिला पंचायत सीईओ ने दो आंगनवाड़ी केंद्रों के मरम्मत कार्य और एक नवीन उप-स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण के लिए आश्वस्त किया। जल संरक्षण की दिशा में मनरेगा के माध्यम से किए जा रहे कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई और 15वें वित्त आयोग की राशि का उपयोग गांव के समग्र विकास के लिए करने हेतु मार्गदर्शन दिया गया।

निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, कार्यक्रम अधिकारी, उप-अभियंता, सरपंच, पंच एवं भारी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित थे।

gatimanexpress24news
Author: gatimanexpress24news

गिरधर कुमार(मुख्य संपादक) गतिमान एक्सप्रेस 24 न्यूज, नवभारत संवाददाता रघुनाथपुर सरगुजा, ब्यूरो चीफ सरगुजा:-सरगुजा संदेश मोबाइल नंबर:-6261256553 ई मेल-kumargirdhar8@gmail.com

और पढ़ें

error: Content is protected !!