विद्युत कर्मी से मारपीट-गालीगलौज: विद्युत विभाग द्वारा  पुलिस चौकी रघुनाथपुर का घेराव कर एफ आई आर की मांग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

असकला के ग्रामीणों व विद्युत उपभोक्ताओं द्वारा विद्युत विभाग पर बिजली बिल के नाम पर अवैध वसूली का लगाया आरोप…

बिजली बिल का भुगतान किए जाने के बावजूद रसीद न दिए जाने की कही बात….

गतिमान एक्सप्रेस 24 न्यूज/गिरधर कुमार/सरगुजा छत्तीसगढ़:-

सरगुजा जिला के लुंड्रा थाना पुलिस चौकी रघुनाथपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम असकला जामपारा में बिना सूचना के लाइन काटे जाने की बात को लेकर सहायक लाइनमैन के साथ ग्रामीण द्वारा मारपीट,गाली गलौच व बंधक बनाए जाने की घटना 18 दिसम्बर को घटित होने के पश्चात सरगुजा जिला के सीतापुर,लुंड्रा,बतौली,धौरपुर,लमगांव,लखनपुर व आसपास के विद्युत कर्मियों जे ई,ए. ई व अन्य विद्युत कर्मियों द्वारा एफ आई आर व कार्यवाही की मांग को लेकर शुक्रवार को पुलिस चौकी रघुनाथपुर का घेराव किया गया ।

उक्त घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार गौतम कुमार पैंकरा पिता सुखसाय पैंकरा जो कि लमगांव के विद्युत कार्यालय में सहायक लाइनमैन के पद पर वर्तमान में पदस्थ है,गुरुवार को लगभग 3:30बजे असकला के जामपारा का लाइन सर्वे एवं लाइन सुधार हेतु अपने सहयोगी विद्युत कर्मियों के साथ गया हुआ था ।

जहां असकला के पंच रवि यादव व लाईन मैन के बीच विद्युत विभाग द्वारा बिना किसी सूचना के विद्युत लाइन काटे जाने को लेकर तीखी बहस चालू हो गई व बहस मारपीट,गाली गलौच में बदल गया । पीड़ित सहायक लाइन मैन गौतम कुमार पैंकरा द्वारा बताया गया कि उक्त ग्रामीण द्वारा उसके साथ मारपीट,गाली गलौच व लगभग ढाई घंटे तक उसे बंधक बनाकर रखा गया था,घटना की जानकारी लुंड्रा जूनियर इंजीनियर को दिए जाने के पश्चात उन्हें पुलिस चौकी रघुनाथपुर द्वारा छुड़ाया गया ।

विद्युत कर्मियों द्वारा लाइन काटे जाने के दरमियान पुलिस सुरक्षा मुहैया कराने की कही बात…..

विद्युत कर्मियों द्वारा बताया गया कि विद्युत उपभोक्ताओं द्वारा लंबे समय से बिजली बिल का भुगतान न किये जाने पर उनके उच्च अधिकारियों के निर्देश पर विद्युत उपभोक्ताओं को सूचना उपरांत विद्युत लाईन काटा जा रहा है इस दरमियान विद्युत उपभोक्ताओं के साथ मारपीट,गाली गलौच व बंधक बनाए जाने की घटना घटित हो रही है जिससे विद्युत कर्मी डरे सहमे है और अक्सर विद्युत कर्मियों, लाइन मेन को गाली गलौच,मारपीट जैसी घटनाओं का सामना करना पड़ता है । विद्युत कर्मियों द्वारा लंबे अरसे से बिजली बिल का भुगतान न किये जाने पर विद्युत लाइन की कटौती किये जाने के दरमियान पुलिस सुरक्षा मुहैया कराने की बात कही ।

असकला ग्राम के पंच रवि यादव व ग्रामीणों द्वारा विद्युत विभाग पर मनमाने बिजली बिल लेने,बिना सूचना के लाइन की कटौती किये जाने व विद्युत कर्मियों द्वारा अवैध उगाही किये जाने की बात कहते हुवे पुलिस चौकी रघुनाथपुर को आवेदन देकर कार्यवाही की मांग की गई ।

असकला क्षेत्र के ग्रामीणों व सरपंच द्वारा बताया गया कि हमारे क्षेत्र में विद्युत विभाग द्वारा विद्युत उपभोक्ताओं के विद्युत बिल का भुगतान न किये जाने पर विद्युत लाइन की कटौती किये जाने संबंधित न तो लिखित में जानकारी दी गई है और न ही किसी भी प्रकार का एलाउंस मेंट किया गया है । बिना किसी पूर्व सूचना के उपभोक्ताओं के विद्युत लाइन की कटौती की जा रही है व मनमाने ढंग से विद्युत बिल के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है ।

बिल का भुगतान किए जाने के बाद भी विद्युत बिल भुगतान की रसीद नहीं दी जा रही है । विद्युत लाइट काटे जाने से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रहा है,विद्यार्थियों की छः माही परीक्षा हो रहा है कुछ माह बाद वार्षिक परीक्षा शुरू हो जाएगा । इसी बात को लेकर विद्युत विभाग व ग्रामीणों के बीच बहस शुरू हो गया । ग्रामीणों द्वारा बताया गया कि विद्युत कर्मी को ढाई घंटे तक बंधक बनाये जाने की बात कहना बेबुनियाद है । विद्युत विभाग द्वारा अपने बचाव के लिए कहानी गढ़ी जा रही है ।

रवि यादव पंच असकला:-

रवि यादव जिस पर लाइन मैन के साथ गाली गलौच,मारपीट व बंधक बनाए जाने का आरोप है के द्वारा बताया गया कि विद्युत विभाग की भर्राशाही, मनमानी से क्षेत्रवासी परेशान है । मैं गांव का पंच हूं और अक्सर गांव की समस्याओं के लिए आवाज उठाता हूँ । बिना सूचना के विद्युत विभाग द्वारा उपभोक्ताओं का बिजली लाइन काटा जा रहा है,जिसकी सूचना न तो ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों को दिया गया है और न ही उपभोक्ताओं को दिया गया है ।

विद्युत लाइन काटने से पूर्व ग्राम पंचायतों में विद्युत विभाग द्वारा शिविर लगाकर इसकी जानकारी विद्युत उपभोक्ताओं को दी जाए । लंबे समय तक विद्युत कर्मियों द्वारा न तो मीटर की रिडिंग ली जाती है और न ही बिजली बिल दिया जाता है ।

एक बार में विद्युत विभाग द्वारा मोटा रकम विद्युत बिल थमा दिए जाने से विद्युत उपभोक्ता परेशान है व बिजली बिल का भुगतान न किये जाने से विद्युत लाइट को काटा जा रहा है । इसी मुद्दे को लेकर विद्युत उपभोक्ता व लाइन मैन के बीच बहस हुई थी । विद्युत लाइनमैन को बंधक बनाए जाने व मेरे द्वारा मारपीट किये जाने का आरोप बेबुनियाद है ।

विद्युत विभाग के कर्मचारियों द्वारा एक ओर जहां विद्युत कर्मियों के साथ मारपीट किये जाने का आरोप लगाया जा रहा है । वही दूसरी ओर असकला ग्राम के ग्रामीणों व विद्युत उपभोक्ताओं द्वारा बिना किसी पूर्व सूचना के विद्युत लाइन की कटौती किये जाने व मनमाने ढंग से विद्युत बिल के नाम पर अवैध वसूली विद्युत कर्मियों द्वारा किये जाने,बिजली बिल का भुगतान किए जाने के बावजूद प्राप्त रसीद की पावती न दिए जाने संबंधित आरोप लगाया जाना एक जांच का विषय है ?

gatimanexpress24news
Author: gatimanexpress24news

गिरधर कुमार(मुख्य संपादक) गतिमान एक्सप्रेस 24 न्यूज, नवभारत संवाददाता रघुनाथपुर सरगुजा, ब्यूरो चीफ सरगुजा:-सरगुजा संदेश मोबाइल नंबर:-6261256553 ई मेल-kumargirdhar8@gmail.com

और पढ़ें

error: Content is protected !!