सात विकासखंडों के 1800 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम
लुण्ड्रा विधायक श्री प्रबोध मिंज के मुख्य आतिथ्य में हुआ शुभारंभ
फुटबॉल को किक मारकर विधायक ने किया सरगुजा ओलंपिक का शुभारंभ
सरगुजा में पहली बार फ्लड लाइट में होगा फुटबॉल मैच
गतिमान एक्सप्रेस 24 न्यूज/गिरधर कुमार/सरगुजा:-
सरगुजा जिले में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच प्रदान करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय सरगुजा ओलंपिक 2026-27 का शुभारंभ आज गांधी स्टेडियम, अम्बिकापुर में किया गया। जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग, सरगुजा के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय प्रतियोगिता का शुभारंभ लुण्ड्रा विधायक श्री प्रबोध मिंज के मुख्य आतिथ्य में हुआ। खेल का शुभारंभ विधायक श्री मिंज ने फुटबाल को किक मारकर किया। प्रतियोगिता का आयोजन 03 से 05 नवम्बर तक किया जा रहा है। इसका शुभंकर ‘गजरू’ बनाया गया है। सरगुजा के खेल इतिहास में पहली बार फ्लड लाइट की रोशनी में फुटबॉल मैच का आयोजन भी विशेष आकर्षण रहेगा।
इस प्रतियोगिता में जिले के सातों विकासखंडों अम्बिकापुर, उदयपुर, बतौली, मैनपाट, लखनपुर, लुण्ड्रा एवं सीतापुर के लगभग 1800 खिलाड़ी, कोच एवं मैनेजर शामिल हो रहे हैं। प्रतियोगिता के प्रथम दिवस लगभग 1000 जूनियर बालक एवं बालिका खिलाड़ी विभिन्न खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
उल्लेखनीय है कि ’’खेले बार आघू आबो सरगुजा के मान बढ़ाबो’’ के स्लोगन के साथ खिलाड़ी सरगुजा ओलंपिक में हो रहे शामिल। इस ओलंपिक प्रतियोगिता में तीरंदाजी, रस्साकसी महिला, फुटबॉल, एथलेटिक, बास्केटबाल, बॉलीबाल, कुश्ती, कराटे, कब्बडी , खो-खो एवं बैडमिंटन खेल शामिल हैं।
मुख्य अतिथि श्री प्रबोध मिंज ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी टीम में स्थान बनाने के लिए निरंतर मेहनत और अनुशासन जरूरी है। खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा निखारने के लिए नियमित अभ्यास करना चाहिए। उन्होंने अपने स्कूल एवं कॉलेज के दिनों के खेल अनुभव साझा करते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि सरगुजा ओलंपिक जिले के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर प्रदान कर रहा है। सभी खिलाड़ी खेल भावना एवं नियमों का पालन करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन करें तथा संभाग, राज्य, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले, प्रदेश और देश का नाम रोशन करें।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना, खेल के नियमों के पालन तथा अपने जिले के गौरव एवं सम्मान को बनाए रखने के लिए पूरी निष्ठा से खेलने की शपथ दिलाई। उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी खिलाड़ियों को संबोधित कर उनका उत्साहवर्धन किया और प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।






Author: gatimanexpress24news
गिरधर कुमार(मुख्य संपादक) गतिमान एक्सप्रेस 24 न्यूज, नवभारत संवाददाता रघुनाथपुर सरगुजा, ब्यूरो चीफ सरगुजा:-सरगुजा संदेश मोबाइल नंबर:-6261256553 ई मेल-kumargirdhar8@gmail.com



