मॉन्टफोर्ट स्कूल में बोर्ड टॉपर्स का सम्मान, 12वीं की शीना मेहता बनीं जिले की टॉपर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

समर्थ वराडे ने 10वीं में विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया

गतिमान एक्सप्रेस 24 न्यूज/गिरधर कुमार/सरगुजा:-

मॉन्टफोर्ट स्कूल, अंबिकापुर में सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2025-26 में कक्षा 10वीं एवं 12वीं के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के सम्मान में एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, पुलिस महानिरीक्षक, सरगुजा रेंज, श्री दीपक कुमार झा (आईपीएस) ने मेधावी विद्यार्थियों को शील्ड एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं विद्यालय बैंड द्वारा मुख्य अतिथि के स्वागत के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने स्वागत नृत्य, समूहगान एवं प्रेरणादायी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उपस्थित जनों का मन मोह लिया। परिश्रम, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प से सफलता प्राप्त करने का संदेश देने वाला एक प्रभावशाली नाटक भी प्रस्तुत किया गया, जिसने सभी को भावविभोर कर दिया।

समारोह का सबसे गौरवपूर्ण क्षण 12वीं की छात्रा शीना मेहता का सम्मान रहा, जिन्होंने 97.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले की टॉपर बनने का गौरव हासिल किया। वहीं 10वीं के छात्र समर्थ वराडे ने 96.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया।

कक्षा 12वीं के टॉपर्स – शीना मेहता (97.2%), आयुष ठाकुर (92.4%), दिव्या तिग्गा (92.4%)।

कक्षा 10वीं के टॉपर्स – समर्थ वराडे (96.6%), सृष्टि चौधरी (95.2%), तृप्ति गुप्ता (95.2%), स्नेहा टोप्पो (93.6%)।

सभी मेधावी विद्यार्थियों को शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार को देते हुए अपने अनुभव भी साझा किए।

अपने प्रेरक संबोधन में मुख्य अतिथि श्री दीपक कुमार झा ने विद्यार्थियों से कहा कि सफलता का आधार केवल अच्छे अंक नहीं, बल्कि अनुशासन, चरित्र, निरंतर परिश्रम और सही दिशा में किया गया प्रयास है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी रुचि के अनुरूप करियर चुनने, असफलताओं से सीख लेने तथा सोशल मीडिया और इंटरनेट का सकारात्मक एवं जिम्मेदार उपयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों की गतिविधियों के प्रति सजग रहने का आग्रह किया।

विद्यालय के प्राचार्य एस. गैब्रियल ने अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए निरंतर प्रयास और समय के सदुपयोग का संदेश दिया। उन्होंने भगवद्गीता का उल्लेख करते हुए कहा कि हमें परिणाम की चिंता किए बिना अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा से पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सच्ची सफलता केवल अंकों से नहीं, बल्कि उत्कृष्ट चरित्र, अनुशासन और सतत प्रयास से प्राप्त होती है।

कार्यक्रम शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ परिश्रम, अनुशासन, समर्पण, आत्मविश्वास एवं जीवन-मूल्यों के सम्मान का प्रतीक बना। धन्यवाद ज्ञापन के पश्चात राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।

gatimanexpress24news
Author: gatimanexpress24news

गिरधर कुमार(मुख्य संपादक) गतिमान एक्सप्रेस 24 न्यूज, नवभारत संवाददाता रघुनाथपुर सरगुजा, ब्यूरो चीफ सरगुजा:-सरगुजा संदेश मोबाइल नंबर:-6261256553 ई मेल-kumargirdhar8@gmail.com

और पढ़ें

error: Content is protected !!