सकालो पिग फार्म में देश का पहला अफ्रीकन स्वाइन फीवर वैक्सीन ट्रायल जारी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

बूस्टर लगाने भोपाल से पहुंचे वैज्ञानिक

गतिमान एक्सप्रेस 24 न्यूज/गिरधर कुमार/ सरगुजा:-

शासकीय सुकर फार्म, सकालो (अंबिकापुर) में अफ्रीकन स्वाइन फीवर (ASF) वैक्सीन का ट्रायल मार्च 2026 से जारी है। इस महत्वपूर्ण परीक्षण के तहत बूस्टर डोज लगाने एवं ट्रायल की प्रगति का निरीक्षण करने के लिए राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान (NIHSAD), भोपाल के वैज्ञानिक अंबिकापुर पहुंचे।
फार्म प्रबंधक डॉ. अजय अग्रवाल ने बताया कि ASF वैक्सीन का विकास NIHSAD, भोपाल के वैज्ञानिकों द्वारा किया गया है। वैक्सीन ट्रायल का संचालन पशुपालन विभाग के संचालक के निर्देशानुसार किया जा रहा है। ट्रायल के निरीक्षण एवं मूल्यांकन के लिए वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. वेंकटेश, डॉ. सेंथिल कुमार तथा डॉ. राजू कुमार समय-समय पर शासकीय सुकर फार्म का दौरा कर रहे हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार अफ्रीकन स्वाइन फीवर(ASF) सूअरों में होने वाली अत्यंत घातक वायरल बीमारी है, जिसकी मृत्यु दर बहुत अधिक होती है। यह रोग घरेलू एवं जंगली दोनों प्रकार के सूकरों को प्रभावित करता है। वर्तमान में इस बीमारी का कोई प्रभावी उपचार उपलब्ध नहीं है तथा वैक्सीन अभी परीक्षण एवं अनुसंधान के चरण में है।
उल्लेखनीय है कि देश में  ASF वैक्सीन का यह प्रथम ट्रायल है। वर्तमान समय में भारत सहित विश्व के अधिकांश देशों में अफ्रीकन स्वाइन फीवर के लिए कोई पूर्ण रूप से स्वीकृत व्यावसायिक वैक्सीन उपलब्ध नहीं है। ऐसे में इस वैक्सीन का सफल परीक्षण सूकर पालन क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित हो सकता है।
वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. सी. के. मिश्रा ने बताया कि ट्रायल के दौरान सभी वैज्ञानिक मानकों एवं जैव-सुरक्षा (बायोसिक्योरिटी) उपायों का कड़ाई से पालन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि अफ्रीकन स्वाइन फीवर वैक्सीन का परीक्षण सफल रहता है, तो इसका लाभ न केवल भारत बल्कि विदेशों के सूकर पालकों को भी मिलेगा तथा इस बीमारी से होने वाली भारी आर्थिक क्षति को कम करने में मदद मिलेगी।

gatimanexpress24news
Author: gatimanexpress24news

गिरधर कुमार(मुख्य संपादक) गतिमान एक्सप्रेस 24 न्यूज, नवभारत संवाददाता रघुनाथपुर सरगुजा, ब्यूरो चीफ सरगुजा:-सरगुजा संदेश मोबाइल नंबर:-6261256553 ई मेल-kumargirdhar8@gmail.com

और पढ़ें

error: Content is protected !!