संबद्ध महाविद्यालयों को मिलेगी डिजिटल परीक्षा सुविधा
गतिमान एक्सप्रेस 24 न्यूज/गिरधर कुमार/अम्बिकापुर /सरगुजा:-
संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय, सरगुजा अंबिकापुर में आज विश्वविद्यालय के ऑनलाइन परीक्षा प्लेटफॉर्म “SGGU ETEST” के संचालन एवं तकनीकी सहयोग हेतु एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। यह एमओयू विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर राजेंद्र लाकपाले की गरिमामयी उपस्थिति में विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. शारदा प्रसाद त्रिपाठी तथा के आर टेक्निकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रितेश वर्मा द्वारा हस्ताक्षरित किया गया।

समझौता ज्ञापन के तहत विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों को “SGGU ETEST” ऑनलाइन परीक्षा प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराया जाएगा। इसके माध्यम से महाविद्यालय CIA-1 एवं CIA-2 परीक्षाओं का संचालन डिजिटल माध्यम से कर सकेंगे। प्लेटफॉर्म पर प्रत्येक महाविद्यालय को पृथक लॉगिन आईडी एवं पासवर्ड प्रदान किया जाएगा, जिससे वे विद्यार्थियों का पंजीयन, विषयवार प्रश्न अपलोड, परीक्षा तिथि एवं समय निर्धारण तथा परीक्षा परिणाम प्राप्त करने जैसी प्रक्रियाएं ऑनलाइन संचालित कर सकेंगे। इस अवसर पर के आर टेक्निकल कॉलेज, संजय नगर के शासी निकाय के अध्यक्ष कान्त दुबे एवं उपाध्यक्ष राहुल जैन विशेष रूप से उपस्थित रहे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस पहल को नई शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप डिजिटल परीक्षा प्रणाली को सुदृढ़ एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है। यह पहल परीक्षा प्रबंधन को अधिक प्रभावी, सुगम एवं तकनीक-संचालित बनाने में सहायक सिद्ध होगी।
शैक्षणिक सत्र 2026-27 हेतु ऑनलाइन प्रवेश पंजीयन एवं आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ
अम्बिकापुर 02 जून 2026/ संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय, सरगुजा, अंबिकापुर द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 में विश्वविद्यालय के शिक्षण विभागों एवं सम्बद्ध समस्त शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों में CBCS/NEP-2020 के अंतर्गत संचालित स्नातक, डिप्लोमा, स्नातकोत्तर डिप्लोमा एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के प्रथम सेमेस्टर में नियमित प्रवेश हेतु ऑनलाइन पंजीयन एवं आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.sggcg.in के माध्यम से 01 जून 2026 से 20 जून 2026 रात्रि 11ः59 बजे तक ऑनलाइन पंजीयन एवं आवेदन कर सकेंगे।
प्रथम चरण में केवल ऑनलाइन पंजीयन एवं आवेदन की प्रक्रिया संचालित की जाएगी। प्रवेश प्रक्रिया, मेरिट सूची, प्रवेश तिथि एवं अन्य आवश्यक निर्देश उच्च शिक्षा विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा जारी शैक्षणिक कैलेंडर एवं प्रवेश मार्गदर्शिका के अनुसार पृथक से जारी किए जाएंगे।
विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों के लिए ABC ID/APAAR ID बनाना अनिवार्य किया है। अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पूर्व ।(www.abc.gov.in) अथवा DigiLocker (www.digilocker.gov.in) के माध्यम से ABC ID/APAAR ID तैयार कर उसकी प्रविष्टि ऑनलाइन आवेदन पत्र में करना आवश्यक होगा।
ऑनलाइन पंजीयन हेतु ₹100/- (एक सौ रुपये) शुल्क निर्धारित किया गया है, जिसका भुगतान ऑनलाइन माध्यम से किया जाएगा। एक बार पंजीयन करने के पश्चात अभ्यर्थी संबंधित पाठ्यक्रम हेतु एक से अधिक महाविद्यालयों अथवा विश्वविद्यालय के शिक्षण विभागों का चयन कर सकेंगे।
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या होने पर अभ्यर्थी विश्वविद्यालय के हेल्पलाइन नंबर 9008399749 पर संपर्क कर सकते हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रवेश के इच्छुक सभी विद्यार्थियों से निर्धारित समयावधि के भीतर ऑनलाइन पंजीयन एवं आवेदन करने का आग्रह किया है।
Author: gatimanexpress24news
गिरधर कुमार(मुख्य संपादक) गतिमान एक्सप्रेस 24 न्यूज, नवभारत संवाददाता रघुनाथपुर सरगुजा, ब्यूरो चीफ सरगुजा:-सरगुजा संदेश मोबाइल नंबर:-6261256553 ई मेल-kumargirdhar8@gmail.com
