सेवा, संस्कार और नेतृत्व का महाकुंभ—सरगुजा में बेसिक स्काउटर-गाइडर प्रशिक्षण शिविर का भव्य आगाज़

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

गतिमान एक्सप्रेस 24 न्यूज/गिरधर कुमार/सरगुजा:-

सरगुजा की पावन धरा पर सेवा, अनुशासन और राष्ट्रनिर्माण के उदात्त संकल्पों के साथ भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, जिला संघ सरगुजा के तत्वावधान में बेसिक स्काउटर एवं गाइडर प्रशिक्षण शिविर का भव्य शुभारंभ आज श्री साईं बाबा डे बोर्डिंग स्कूल, सरगवा (अंबिकापुर) परिसर में उत्साह, गरिमा एवं अनुशासनपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। 13 अप्रैल से 19 अप्रैल 2026 तक आयोजित होने वाला यह शिविर स्काउटिंग-गाइडिंग के सिद्धांतों को व्यवहार में उतारने की दिशा में एक सशक्त पहल है।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला मुख्य आयुक्त तजिंदर सिंह बग्गा के करकमलों से हुआ। अपने प्रेरक उद्बोधन में उन्होंने कहा कि स्काउटिंग केवल एक गतिविधि नहीं, बल्कि जीवन को अनुशासित, सेवाभावी एवं उत्तरदायी बनाने का माध्यम है, जो युवाओं को सशक्त नागरिक बनने की प्रेरणा देता है।

इस अवसर पर संभाग आयुक्त त्रिभुवन शर्मा, जिला सचिव महेंद्र सिंह, जिला सह सचिव रेशमा लकड़ा, जिला प्रशिक्षण आयुक्त मनीष गुप्ता एवं जिला संगठन आयुक्त योगेश विश्वकर्मा सहित अनेक गणमान्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने शिविर को युवाओं के सर्वांगीण विकास, चरित्र निर्माण एवं नेतृत्व क्षमता के संवर्धन का प्रभावी मंच बताया।

राज्य मुख्यालय द्वारा शिविर के सफल संचालन हेतु अनुभवी एवं दक्ष प्रशिक्षक मंडल की नियुक्ति की गई है।
बेसिक स्काउट मास्टर प्रशिक्षण के लिए शिविर संचालक डॉ. जगदीश कुमार साहू (एल.टी.), जिला बलौदाबाजार से हैं, जबकि सहायक शिविर संचालक के रूप में रामदत्त पटेल, बेलभद्र देवांगन, उमेश कुमार गुर्जर एवं समय लाल काठे अपनी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

इसी प्रकार बेसिक गाइड कैप्टन प्रशिक्षण के लिए शिविर संचालक श्रीमती जेरमिना एक्का (एल.टी.), जिला कोरिया से हैं, जिनके साथ सहायक शिविर संचालक के रूप में सुश्री अनीता तिग्गा, सुश्री कौशल्या मलिक, सुश्री पुष्पिका मिन्ज एवं श्रीमती मनीषा तिर्की प्रशिक्षण कार्य में संलग्न हैं।

कार्यक्रम में स्काउट शाखा प्रभारी श्री रवि कुजूर वरिष्ठ स्काउटर हरि प्रसाद राजवाड़े एवं सतीश भाई पटेल तथा वरिष्ठ गाइडर संगीता राज तिर्की, अरुणा टोप्पो एवं सुस्मिता मार्टिना एक्का की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की शोभा में अभिवृद्धि की। साथ ही राष्ट्रपति रोवर विवेक सोनी, प्रमोद भगत, सचिन यादव, गोपाल सिंह एवं रवि यादव सहित बड़ी संख्या में स्काउटर-गाइडर तथा सेवा कार्य में संलग्न रोवर-रेंजर उत्साहपूर्वक उपस्थित रहे।

शिविर के दौरान प्रतिभागियों को स्काउटिंग-गाइडिंग के मूल सिद्धांतों, प्राथमिक उपचार, शिविर जीवन, अनुशासन, नेतृत्व विकास, दल-निर्माण, पर्यावरण संरक्षण एवं समाजसेवा के विविध आयामों का सघन एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रत्येक गतिविधि के माध्यम से प्रतिभागियों में आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता, सहयोग एवं कर्तव्यनिष्ठा जैसे गुणों का विकास किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि जिला संघ सरगुजा द्वारा आयोजित यह शिविर युवाओं में राष्ट्र सेवा, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं मानवीय मूल्यों के प्रति समर्पण की भावना जागृत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। स्काउटिंग के आदर्शों से आलोकित यह प्रशिक्षण शिविर निश्चित ही प्रतिभागियों के व्यक्तित्व निर्माण में मील का पत्थर सिद्ध होगा।

gatimanexpress24news
Author: gatimanexpress24news

गिरधर कुमार(मुख्य संपादक) गतिमान एक्सप्रेस 24 न्यूज, नवभारत संवाददाता रघुनाथपुर सरगुजा, ब्यूरो चीफ सरगुजा:-सरगुजा संदेश मोबाइल नंबर:-6261256553 ई मेल-kumargirdhar8@gmail.com

और पढ़ें

error: Content is protected !!